रीवा। जिले के चोरहटा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बैजनाथ स्थित अल्टर ट्रैक माइंस के खदान क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ पत्थर निकालने के दौरान खदान धंसने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर खदानों में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध उत्खनन और असुरक्षित कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विशालकाय पत्थर की चपेट में आई महिला
जानकारी के अनुसार, मृतका सुमित्रा साकेत (निवासी बैजनाथ) अपने पति रामनरेश और ससुर के साथ सुबह करीब 7 बजे खदान में पत्थर निकालने गई थी। काम के दौरान अचानक खदान के ऊपरी हिस्से से एक विशालकाय पत्थर भरभराकर महिला के ऊपर जा गिरा। सुमित्रा मलबे में बुरी तरह दब गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा इलाका दहल उठा।
खनिज माफियाओं की मनमानी और ग्रामीणों का आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और परिजनों का सीधा आरोप है कि खनिज माफियाओं ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए खदानों में सीधे घाट खड़े कर दिए हैं। लगातार की जा रही ‘हैवी ब्लास्टिंग’ के कारण आसपास की जमीन अस्थिर हो चुकी है, जिससे पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही हादसा हुआ, खदान संचालक अपनी मशीनें और डंपर लेकर मौके से फरार हो गए।
देर से पहुँची पुलिस, जांच शुरू
घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुँची, जिसे लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को मलबे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित खदान संचालकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




