रीवा में अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, क्लीनिक सील कर दवाइयां व उपकरण जब्त

रीवा। जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंतर्गत ग्राम इटहा कला में संचालित एक निजी क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान क्लीनिक अवैध रूप से संचालित पाया गया, जहां अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने क्लीनिक से एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, मेडिकल उपकरण एवं अपूर्ण अभिलेख जब्त किए। साथ ही क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

सीएमएचओ ने की कार्रवाई

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि क्लीनिक संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में झोलाछाप डॉक्टरों, अवैध क्लीनिक, डिस्पेंसरी एवं संदिग्ध चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गंगेव ब्लॉक में संचालित मित्र डेंटल क्लीनिक (डॉ. जावेद मुश्ताक मंसूरी) एवं डॉ. प्रशांत तिवारी डेंटल क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में इनके दस्तावेज वैध पाए गए, लेकिन मेडिकल बायोवेस्ट के उचित निस्तारण में कमी मिलने पर अंतिम चेतावनी देते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।

अवैध चिकित्सा बर्दाश्त नहीं

सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध चिकित्सा गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि वे केवल पंजीकृत एवं अधिकृत चिकित्सकों से ही उपचार कराएं तथा किसी भी संदिग्ध क्लीनिक की जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें। इस कार्रवाई में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.बी. गौतम सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *