रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-शहडोल मार्ग पर स्थित छुहिया घाटी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ दो यात्री बसों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
गलत साइड से मोड़ने के कारण हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे छुहिया घाटी के हनुमान मंदिर के पास मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि व्यौहारी से रीवा की ओर आ रही दीपक ट्रेवल्स की बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए मोड़ पर अचानक गलत साइड से वाहन को मोड़ दिया। इसी दौरान सामने से आ रही चतुर्वेदी ट्रेवल्स की बस (जो सतना से सीधी जा रही थी) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू, 16 अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से तत्परता दिखाते हुए बसों में फंसे घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए 16 यात्रियों में से गंभीर रूप से चोटिल 8 लोगों को तुरंत रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि शेष 8 घायलों का इलाज गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
सभी घायल खतरे से बाहर, चालकों पर मामला दर्ज
राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल यात्रियों की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने बसों में सवार अन्य सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। गोविंदगढ़ पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया है और लापरवाही बरतने वाले दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




