Noida PNB Scam: क्या आपके बैंक खाते में आपके पैसे सुरक्षित हैं? ये सवाल हम आपसे इसलिए पूछ रहे हैं, क्योंकि यूपी के ग्रेटर नोएडा में PNB बैंक के अंदर चोरी हुई है। जी हां, बैंक खातों से करोड़ों रुपये गायब हो गए हैं। किसी के खाते में जिंदगीभर की जमा-पूंजी थी, तो किसी के खाते में जमीन अधिग्रहण के मुआवजे की करोड़ों रुपये की रकम। किसी के सपने बैंक खाते में जमा थे, लेकिन जब खाताधारक PNB की ग्रेटर नोएडा शाखा पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। किसी के खाते से लाखों-करोड़ों रुपये गायब थे, तो किसी ने दावा किया कि खाते में पैसे कम हैं।
तो आखिर इतनी हाई-प्रोफाइल शाखा में इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई? ये चोरी किसने की? और कहां थे बैंक के सुरक्षाकर्मी? ये सवाल PNB के खाताधारकों पूछ रहें है।
क्या है मामला?
ये मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित PNB शाखा का है। यहां के खाताधारकों ने आरोप लगाया है कि उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD समय से पहले तोड़ दी गई और रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। आरोपों के बाद जब बैंक की पोल खुली, तो बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच बैंककर्मियों को निलंबित कर दिया। अब पुलिस और बैंक की एंटी-करप्शन टीम मामले की जांच कर रही हैं।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि खाताधारकों के खातों से इतनी बड़ी रकम कैसे गायब हुई? क्या बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत थी? कितने लोगों के पैसे गायब हुए? उनकी रकम उन्हें कब तक वापस मिलेगी या मिलेगी भी या नहीं? इसे हम पॉइंट्स में समझते हैं।
खातों से पैसा गायब कैसे हुआ?
पहले बात करते हैं कि खातों से पैसा गायब कैसे हुआ। पीड़ित खाताधारकों के मुताबिक, उनकी बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD थी, जिसे समय से पहले तोड़ दिया गया। इसके बाद रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
खाताधारकों को FD टूटने या रकम ट्रांसफर होने की जानकारी पहले नहीं दी गई। उनकी रकम एक दिन में नहीं, बल्कि चार दिनों के अंतराल में अलग-अलग हिस्सों में ट्रांसफर की गई। रकम एक बार में पूरी नहीं निकाली गई, बल्कि थोड़े-थोड़े हिस्सों में निकाली गई—जैसे पहले 18 लाख, फिर 30 लाख, 25 लाख और उसके बाद 35 लाख रुपये।
ग्राहकों ने क्या बताया
इस घोटाले का खुलासा तब हुआ, जब बैंक के खाताधारक संजय अपनी बेटी के इलाज के लिए FD तोड़कर पैसे निकालने पहुंचे। उनके खाते में 10 लाख रुपये थे, लेकिन बैंक ने उन्हें बताया कि खाते में पैसा ही नहीं है।
संजय के लिए ये किसी फिल्म के चौंकाने वाले सीन जैसा था। उनका कहना है कि उन्हें दो दिन पहले इस गड़बड़ी की जानकारी दी गई, जबकि FD टूटने का कोई मैसेज भी नहीं आया था। अब संजय का परिवार परेशान है, क्योंकि उनके पास यही जमा-पूंजी थी।
130 खाताधारकों के पैसे गायब होने का दावा
इसके बाद एक के बाद एक खाताधारकों ने पैसे गायब होने की बात कही। जानकारी के अनुसार, 130 लोगों के खातों से इसी तरह पैसे गायब हुए हैं, जो करोड़ों रुपये की रकम बनती है। इस मामले में अब तक 18 लोगों ने पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने श्रीचंद नाम के एक खाताधारक की शिकायत पर बैंककर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता ने मामले की जांच की बात कही है।
बैंक ने दिया पैसे वापस करने का आश्वासन
इस सबके बाद बैंक के वरिष्ठ अधिकारी 27 अक्टूबर को शाखा पहुंचे और खाताधारकों को पैसे वापस मिलने का आश्वासन दिया। साथ ही, बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच बैंककर्मियों को निलंबित कर दिया है और शाखा में नए कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी है।
लेकिन सवाल यही है कि पीड़ित खाताधारकों को उनका पैसा आखिर कब मिलेगा? लोगों को अपने पैसों के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा? और क्या भविष्य में लोग PNB की इस शाखा में अपना पैसा जमा करने का जोखिम उठाएंगे?
यह भी पढ़े : UP MLC Chunav Result : योगी की गोरखपुर और मोदी की वाराणसी ने BJP दी 2027 की टेंशन?




