Satna News : अवैध संबंध छिपाने के लिए नाती ने मामी के साथ मिलकर की नानी की हत्या, घोंटा दिया गला

Grandson along with aunt murdered grandmother

Grandson along with aunt murdered grandmother: सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के देवमऊ झिरिया टोला में एक बेहद शर्मनाक और हैरतअंगेज हत्याकांड सामने आया है, जिसमें परिवार के ही सदस्यों ने रिश्तों को कलंकित कर दिया। अवैध संबंधों का राज छिपाने के लिए नाती कयामत रावत (20 वर्ष) ने अपनी मामी भारती उर्फ कंचन (25 वर्ष) के साथ मिलकर 65 वर्षीय नानी रुकमणी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।

घटना 5 फरवरी की शाम की है, जब रुकमणी शाम करीब 5 बजे घर से निकलीं लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 6 फरवरी शाम को गांव से कुछ दूरी पर सरसों के खेत की मेड़ में झाड़ियों के पीछे उनका शव मिला। शव के गले, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मारपीट और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने साइबर सेल, मोबाइल कॉल डिटेल्स, मुखबिरों और आसपास के गवाहों से पूछताछ के जरिए सुराग जुटाए। जांच में मृतका की बहू भारती उर्फ कंचन और नाती कयामत रावत निवासी रंगौली, थाना सेमरिया, रीवा पर संदेह गहराया। कयामत को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने कबूल किया कि उसका अपनी सगी मामी कंचन के साथ लंबे समय से अवैध संबंध चल रहा था।

5 फरवरी की शाम करीब 4:30 बजे जब दोनों खेत में आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी नानी रुकमणी ने उन्हें देख लिया। सामाजिक और पारिवारिक बदनामी के डर से कयामत ने नानी को रास्ते से हटाने की ठान ली। जब रुकमणी शौच के लिए जा रही थीं, तो कयामत ने तिरवई सरसों के खेत के पास उन्हें पकड़ लिया, हाथ से मारकर गिराया, कड़े से सिर, चेहरे और गले पर वार किए, फिर तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तार और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *