भोपाल। मध्यप्रदेश के इंटर्न डॉक्टरों और उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री के बीच हुई बैठक सार्थक रही है। मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा- इंटर्न्स, जूडा और एमटीए प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीन के बाद इंटर्न डॉक्टर्स की मांगें मान ली गई हैं। अब इंटर्न डॉक्टरों को 21,500 रुपए स्टाइपेंड मिलेगा।
दोषी 2 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मीटिंग में मेडिकल छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर बातचीत उठी और इस मामले में प्रदेश सरकार ने एक्शन लेने की बात कही है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के मामले में 2 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है, वही इस मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा सरकार आपके साथ
मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार आपके साथ में है। आपकी भी जिम्मेदारी है कि आप अपने काम को अच्छी तरीके से करते रहें। आपकी सभी मांगों को ध्यान में रखकर पूरा कर रही है। विदेश में होते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वहां से आप लोगों की बात सुनी और आपके हित में फैसला सुनाया।
3 दिन से डॉक्टर कर रहे थें हड़ताल
ज्ञात हो कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टर 3 दिन से आंदोलन कर रहे थे। भोपाल में कमला पार्क के पास बड़ा प्रदर्शन चल रहा था। इसका असर प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सेवाओं पर पड़ा।
इंटर्न्स, जूडा एवं एमटीए प्रतिनिधिमंडल से उप मुख्यमंत्री से ऐसी रही चर्चा और निणर्य
’ इंटर्न्स, जूडा एवं एमटीए प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मंत्रालय में मुलाकात की।
’ छात्रों पर बल प्रयोग के मामले में प्रारंभिक रूप से पाए गए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
’ प्रकरण की जांच के लिए जांच टीम गठित की गई है। जांच के आधार पर शीघ्र आगे की कार्रवाई की जाएगी।
’ जूडा एवं एमटीए प्रतिनिधियों ने की गई पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
’ घायल छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
’ स्टाइपेंड में वृद्धि के प्रस्ताव पर सहमति बनी। प्रतिनिधिमंडल ने स्टाइपेंड बढ़ाने के संबंध में हुई चर्चा पर संतोष व्यक्त किया।
’ प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में हुई सकारात्मक चर्चा और की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री शुक्ल का आभार व्यक्त किया।




