रीवा। शासकीय ठाकुर रणमत सिंह (टीआरएस) महाविद्यालय, रीवा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। महाविद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के हित में विशेष निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेरणादायक कार्यक्रम में संभाग एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख शिक्षाविद् उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रीवा संभागायुक्त श्री शीलेन्द्र सिंह ने इस पहल को छात्रों के हित में एक उत्कृष्ट नवाचार करार दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सीख देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य निश्चित हो तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को व्यक्तिगत प्रगति के साथ-साथ समाज विकास का आधार बताते हुए उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि उनकी सोच आत्म- केंद्रित न होकर समाज कल्याण के प्रति समर्पित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकृत विचार सकारात्मक परिणाम नहीं दे सकते, इसलिए युवा ऐसा कार्य करें कि आने वाली पीढ़ियाँ उन्हें याद रखें। संभागायुक्त ने इस दौरान अध्यापन कार्य में शिक्षकों की भूमिका को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि रीवा कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए जीवन में सार्थकता और निरंतरता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवावस्था में स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़कर माता-पिता के सपनों को साकार करना चाहिए। वहीं ए.डी.एम. एवं जनभागीदारी समिति की पदेन अध्यक्ष श्रीमती सपना त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. महेन्द्रमणि द्विवेदी ने ‘विज़न, मिशन और एक्शन’ का मूलमंत्र देते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने “लक्ष्य तुम्हारा, साथ हमारा” का संदेश देते हुए कोचिंग कक्षाओं के संचालन की पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने छात्रों से इस निःशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अखिलेश शुक्ल एवं धन्यवाद ज्ञापन समन्वयक डॉ. एस.पी. शुक्ल द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि इस पहल को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया और शुभारंभ के दिन ही 235 छात्रों ने गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन कराया।




