Flood of faith in Chirhulanath temple on Hanuman Jayanti: रीवा में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर चैत्र पूर्णिमा के दिन शहर के प्रसिद्ध चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा पाठ का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरे दिन जारी है। सुबह 10 बजे तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में खड़े नजर आए। अनुमान है कि दिनभर में 1 से डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।
भक्त हाथों में नारियल, फूल-माला और प्रसाद लेकर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष के साथ मंदिर पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से सिंदूर, चमेली का तेल और लड्डू अर्पित करने की परंपरा के चलते प्रसाद की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा इस अवसर पर विशेष पूजा, हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड का आयोजन कराया जा रहा है। सुबह की विशेष आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चिरहुलानाथ मंदिर की मान्यता के चलते यहां दूर-दराज के गांवों और अन्य जिलों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां हनुमान जी के दरबार में मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कर अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, वहीं महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था की गई है। पार्किंग और यातायात को लेकर भी विशेष प्लान लागू किया गया है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल बना हुआ है, जहां प्रसाद, खिलौने और धार्मिक सामग्री की दुकानें सजी हैं। श्रद्धालु दर्शन के साथ खरीदारी का भी आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन दिन बढ़ने के साथ भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।
