मुंबई। मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें हार्ट अटैक आया था। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की जानकारी दी। कुकू कोहली वर्तमान में इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी थे। कुकू कोहली की अंतिम यात्रा बुधवार को उनके मुंबई स्थित आवास से सुबह 11 बजे निकली। उनका अंतिम संस्कार ओशिवारा स्थित श्मशान घाट में किया गया।
फूल और कांटे से अजय देवगन को मिला पहला ब्रेक
कुकू कोहली ने 1991 में फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बतौर निर्देशक डेब्यू किया था। इसी फिल्म से अजय देवगन ने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और कुकू कोहली को भी पहचान मिली।
इस तरह की बनाई थी फिल्में
कुकू कोहली ने अपने करियर की शुरुआत राज कपूर की फिल्म ‘बॉबी’ में असिस्टेंट के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने ‘सुहाग’, ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। फिल्म ‘सुहाग’ में अजय देवगन और अक्षय कुमार पहली बार साथ नजर आए थे। वहीं, 1995 में रिलीज हुई ‘हकीकत’ को फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में सात कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था, जिसमें कुकू कोहली का नाम बेस्ट डायरेक्टर की कैटेगरी में शामिल था। कुकू कोहली की बतौर निर्देशक आखिरी फिल्म ‘तेरा नाम’ थी, जो 2004 में रिलीज हुई थी।
अरुणा ईरानी से की थी शादी
कुकू कोहली की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उन्होंने अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘कोहराम’ के सेट पर हुई थी। यहीं से दोनों की दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्यार में बदल गया। कुकू कोहली पहले से शादीशुदा थे और उनकी पहली पत्नी से दो बेटियां थीं। इसके बावजूद अरुणा ईरानी के साथ उनका रिश्ता आगे बढ़ा और दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, कई वर्षों तक उन्होंने अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया।




