सतना: डालमिया सीमेंट लीज के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

Farmers protest against Dalmia Cement lease in Satna.

सतना जिले के नागौद विकासखंड में डालमिया सीमेंट की प्रस्तावित लाइम स्टोन लीज का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को प्रभावित गांवों के किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ विशाल रैली निकाली।

किसान पहले मौहरी टोल प्लाजा के पास एकत्रित हुए। इसके बाद वे ट्रैक्टरों पर सवार होकर सतना पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने प्रशासन से इस प्रस्तावित लीज पर फिर से विचार करने की मांग की है।

इस विरोध प्रदर्शन में वसुधा, रजरवारा, महकोना, सप्ती, नौबस्ता, कोलाड, हिलौंधा, डाम्हा और छींदा समेत कई गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों का कहना है कि इस लीज से उनकी उपजाऊ कृषि भूमि प्रभावित होगी, जो उनकी आजीविका का मुख्य साधन है।

किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे अपनी उपजाऊ जमीन किसी भी सीमेंट प्लांट या खनन परियोजना को नहीं देंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कृषि भूमि के अधिग्रहण से पहले किसानों की आपत्तियों को सुना जाए और इस लीज प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *