रीवा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल हटाए गए, डॉ. शशिधर गर्ग को मिली कमान

Dr. Sunil Agrawal, Dean of Rewa Medical College, removed.

रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय में कल्पना मिश्रा की मौत के बाद लगातार सामने आ रही गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही और इसके विरोध में चल रहे उग्र प्रदर्शनों के बीच राज्य सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। शासन ने कार्रवाई करते हुए रीवा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल को उनके पद से हटा दिया है।

उनकी जगह पर अब सतना मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. शशिधर गर्ग को रीवा मेडिकल कॉलेज का नया डीन नियुक्त किया गया है। वर्तमान में डॉ. शशिधर गर्ग अवकाश पर हैं और छुट्टी से वापस लौटने के बाद वे रीवा मेडिकल कॉलेज का नया कार्यभार संभालेंगे।

उल्लेखनीय है कि अस्पताल की लचर व्यवस्थाओं और लापरवाही के चलते हुई मौत के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों, खासकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों द्वारा डीन को हटाने की मांग को लेकर लगातार जोरदार प्रदर्शन किए जा रहे थे। बढ़ते राजनीतिक दबाव और जनता के आक्रोश को देखते हुए शासन ने यह सख्त कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *