सिंगरौली में जादू-टोने के शक में डबल मर्डर, युवक ने दो पड़ोसियों के सिर काटे

Double murder on suspicion of witchcraft in Singrauli

Double murder on suspicion of witchcraft in Singrauli: सिंगरौली जिले के अतरवा गांव में गुरुवार सुबह एक बेहद क्रूर और सनसनीखेज हत्याकांड हुआ। 21 वर्षीय युवक छत्रपति सिंह ने अपने दो पड़ोसियों फूल कुमारी सिंह और केमला सिंह के सिर धारदार हथियार से काटकर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोगों पर भी हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुई। आरोपी छत्रपति ने कुछ दिन पहले घर के बाहर मिट्टी का चबूतरा बनवाया था और बताया था कि गुरुवार सुबह वहां पूजा-पाठ होगा। पूजा के बहाने उसने चार-पांच पड़ोसियों को घर बुलाया था। इसी दौरान आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से फूल कुमारी और केमला सिंह पर हमला कर दोनों के सिर धड़ से अलग कर दिए। जब शोर सुनकर सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह मदद के लिए पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ वार किए। दोनों घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौके पर नारियल, अगरबत्ती, पूजा सामग्री और अन्य धार्मिक वस्तुएं मिलने से पुलिस ने जादू-टोना और अंधविश्वास को हत्या का मुख्य कारण माना है। शुरुआती जांच में सामने आया कि छत्रपति पिछले छह महीने से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी का मिसकैरेज हो गया था, जिसके बाद उसे यह भ्रम हो गया कि देवी-देवता नाराज हैं। इसी अंधविश्वास के चलते उसने पूजा का आयोजन किया और बाद में दो लोगों की क्रूर हत्या कर दी। एसपी मनीष खत्री ने बताया कि आरोपी छत्रपति सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी गहन पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *