Doctor’s driver creates ruckus in OPD over salary dispute in SGMH Rewa: रीवा शहर के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में मंगलवार सुबह ओपीडी के मेडिसिन विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डॉक्टर के चालक ने मरीजों के सामने ही डॉक्टर से अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।
वेतन न मिलने से नाराज़ बताए जा रहे चालक के इस हंगामे के कारण ओपीडी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे चालक को पकड़ा और उसे संजय गांधी चौकी के सुपुर्द कर दिया। वहीं, पीड़ित डॉक्टर प्रवीण ठकराल की शिकायत पर अमहिया थाने की पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : Rewa News: सब इंस्पेक्टर रन्नू देवी निलंबित, विवाद सुलझाने के दौरान गाली-गलौच का वीडियो वायरल
लंबे समय से नहीं मिला वेतन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी चालक की पहचान सचिन पांडे निवासी हरदी जिला रीवा के रूप में हुई है। नाराज सचिन पांडे ओपीडी के अंदर घुसा और डॉक्टर से ऊंचे स्वर में बात करने लगा। पुलिस की शुरुआती जांच में सचिन ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह डॉक्टर प्रवीण ठकराल का चालक है और उसे लंबे समय से उसका वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण वह परेशान है। सचिन ने यह भी बताया कि वह पहले डॉक्टर से बात करने उनके क्लिनिक गया था, लेकिन डॉक्टर वहां नहीं मिले। इसी वजह से वह अपनी बात रखने के लिए ओपीडी तक पहुंचा था।
इस घटना ने अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था में कुछ देर के लिए बाधा उत्पन्न कर दी थी, हालांकि सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
