रीवा टीआरएस में विश्व जनसंख्या दिवस पर संवाद एवं इंटरएक्टिव सेशन आयोजित, छात्र-छात्राओं ने किए सवाल

रीवा। शासकीय ठाकुर रणमत सिंह स्वशासी महाविद्यालय, रीवा के समाजशास्त्र विभाग द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर संवाद एवं इंटरएक्टिव सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज शास्त्र विभाग के प्रो. अखिलेश शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस केवल जनसंख्या वृद्धि पर चिंतन का अवसर नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज को जागरूक करने का भी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जनसंख्या संबंधी चुनौतियों को सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ समझने तथा समाधान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

विद्यार्थी बने समाज के लिए जिम्मेदार

कार्यक्रम में डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ. शाहेदा सिद्दीकी, प्रो. शालिनी पाण्डेय, डॉ. आभा द्विवेदी, डॉ. निशा सिंह एवं डॉ. प्रियंका पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनसंख्या, सामाजिक परिवर्तन, लैंगिक समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न आयामों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज के समावेशी विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

छात्रों ने किया सवाल

इंटरएक्टिव सेशन के दौरान विद्यार्थियों ने जनसंख्या, संसाधनों, सामाजिक असमानता तथा जनसंख्या नीति से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ प्राध्यापकों द्वारा विस्तार पूर्वक एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। यह संवादात्मक सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं सहभागितापूर्ण रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जनसंख्या संबंधी समसामयिक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करना, सामाजिक न्याय की अवधारणा को व्यवहारिक रूप में समझाना तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के प्रति सक्रिय सहभागिता की भावना का विकास करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *