Demand for induction stoves increased due to shortage of LPG in Rewa : रीवा जिले में इन दिनों रसोई गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। पिछले कई दिनों से एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने के कारण गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। हालात को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस की निगरानी में लाइन लगवाकर सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले और सभी को क्रम से गैस मिल सके।
गैस की कमी का सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। कई परिवारों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे खाना बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। इसी कारण लोग अब वैकल्पिक साधनों की ओर रुख कर रहे हैं। बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है और अधिकांश दुकानों में इनका स्टॉक लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया है।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार पहले जहां प्रतिदिन 2 से 3 इंडक्शन चूल्हों की बिक्री होती थी, वहीं अब मांग बढ़कर 7 से 10 तक पहुंच गई है। कई दुकानों पर ग्राहक लगातार पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन सीमित स्टॉक होने के कारण सभी को तुरंत चूल्हे उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को राहत मिल सकेगी।
