रीवा एयरपोर्ट पर दिल्ली की फ्लाइट अचानक रद्द, आसमान में चक्कर काटता रहा विमान, यात्रियों का फूटा गुस्सा

Delhi flight suddenly cancelled at Rewa Airport.

रीवा: चोरहटा स्थित नवनिर्मित रीवा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात उस वक्त भारी हंगामे की स्थिति बन गई, जब रीवा से दिल्ली जाने वाली नियमित फ्लाइट को ऐन वक्त पर अचानक रद्द कर दिया गया। बिना किसी पूर्व सूचना के उड़ान निरस्त होने से गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।

यात्रियों का आरोप था कि उन्हें उड़ान रद्द होने की कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। कई यात्री तय समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, जहां उन्हें फ्लाइट कैंसिल होने का पता चला। यात्रियों का कहना था कि अगर उन्हें पहले सूचना मिल जाती, तो वे ट्रेन या बस जैसे वैकल्पिक साधनों से अपनी यात्रा की व्यवस्था कर सकते थे, लेकिन ऐन वक्त पर फ्लाइट रद्द होने से उनके सामने कोई विकल्प नहीं बचा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से नौकरी, जरूरी बैठकें और परीक्षाओं के लिए दिल्ली जा रहे यात्रियों की पूरी योजना पर पानी फिर गया।

खराब मौसम के चलते बिगड़ी स्थिति

मालूम हो कि पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण हवाई यात्राएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार रात तेज बारिश के चलते दिल्ली से रीवा आ रही फ्लाइट को लगभग 50 मिनट तक आसमान में चक्कर काटना पड़ा था। सुरक्षित लैंडिंग संभव न होने के कारण विमान को वापस दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा, हालांकि वहां यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग हो गई। इसी बीच, रीवा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की बोर्डिंग हो चुकी थी, लेकिन फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलते ही यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। रीवा में हवाई सेवा शुरू होने के बाद यह अपनी तरह की पहली घटना है।

हंगामे के दौरान यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रबंधन से फ्लाइट रद्द होने का कारण स्पष्ट करने और वैकल्पिक यात्रा या रिफंड से जुड़ी जानकारी देने की मांग की। रात में काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन की समझाइश से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *