दिल्ली: सुरक्षा के चलते आज शाम 6:30 बजे तक बंद हो सकता है कनॉट प्लेस

delhi

दिल्ली के कनॉट प्लेस में आज यानी 23 जुलाई को सुरक्षा के मद्देनज़र शाम 6:30 बजे तक दुकानें, ऑफिस और रेस्टोरेंट बंद करने की अपील की गई है। यह अपील नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह के बाद जारी की है।

NDTA की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कनॉट प्लेस और उसके आसपास के हालात को देखते हुए सभी कारोबारी प्रतिष्ठान शाम 6:30 बजे तक बंद कर दिए जाएं। व्यापारियों और संस्थानों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

उधर, इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जब इतनी भारी सुरक्षा व्यवस्था, एम्बुलेंस और बंदी के इंतज़ाम किए जा रहे हैं, तो क्या सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान कनॉट प्लेस और उसके आसपास पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच कई बार टकराव देखने को मिला था। आउटर सीपी इलाके में सबसे ज्यादा हंगामा हुआ। इसके बाद 21 और 22 जुलाई को भी अलग-अलग जगहों पर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प की खबरें सामने आईं। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में भीड़ द्वारा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों का पीछा किए जाने का दावा भी किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी कई मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इनमें राजीव चौक, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम स्टेशन शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *