Rewa News : पदभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में कमिश्नर अक्षत जैन, अतिक्रमणकारियों को सोमवार तक का अल्टीमेटम

Commissioner Akshat Jain gives ultimatum to encroachers till Monday

रीवा। नगर निगम के नवागत आयुक्त अक्षत जैन ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार को कमिश्नर ने अस्पताल चौराहे से सिरमौर चौराहे तक अमहिया मार्ग का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण में बाधक बन रहे अतिक्रमणों को चिन्हित कर अधिकारियों को सोमवार तक हर हाल में बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने व्यापारियों से सीधा संवाद किया और दुकान के बाहर सामान रखकर व्यवसाय करने वालों को दो दिन के भीतर सुधार करने की कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुगम यातायात और अस्पताल पहुँचने वाले मरीजों की सुविधा के लिए 12 मीटर सड़क का चौड़ीकरण प्रोजेक्ट प्राथमिकता पर है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भ्रमण के दौरान कुछ दुकानदारों ने विस्थापन की समस्या रखी, जिस पर आयुक्त ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और प्रभावितों के लिए विकल्प तैयार करने का आश्वासन दिया, लेकिन अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही। साथ ही, निरीक्षण के दौरान एक नगर निगम विद्यालय की बदहाली और वहां होने वाली अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर कमिश्नर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के बाद कड़ी व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। तत्कालीन आयुक्त के तबादले के बाद रुके हुए इस प्रोजेक्ट में नए कमिश्नर की सक्रियता से अब शहरवासियों को जल्द ही जाम से मुक्ति मिलने की उम्मीद जागी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *