रीवा में जरा सी बारिश से जल मग्न हुई कॉलोनियां, घरों में भरा पानी, स्कूली बच्चों को आई समस्या

रीवा। शुक्रवार की सुबह लोगो की जब नींद खुली तो बारिश अपने सबाब पर थी, तो रूक-रूक हुई तेज बारिश के चलते रीवा शहर के कई क्षेत्रों में जल भराव की समस्या भी बनी। शहर के नेहरू नगर समेत कई रिहायसी ईलाकों पर बारिश का पानी भर गया। जिससे आवागमन तो प्रभावित हुआ ही, जल भराव हो जाने से स्कूली बच्चों को समस्या आई। कई बच्चे तो पानी भर जाने से स्कूल के लिए निकल ही नही पाए, क्योंकि बारिश में सड़क और नाले की हालत ऐसी हो गई है कि सब पानी में डूब गए।

दर्जनों घर प्रभावित

नेहरू नगर क्षेत्र की पार्षद नम्रता सिंह ने बताया कि इस बारिश से दर्जनों घर प्रभावित हुए है। छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाने के लिए कीचड़ और पानी से गुजरने को मजबूर हैं। कई माता-पिता अपने बच्चों को गोद में उठाकर स्कूल तक पहुंचा रहे हैं।

अटका नाला निर्माण

बताया गया कि नेहरू नगर में जल निकासी न हो पाने की मुख्य वजह है नाला का निर्माण कार्य न हो पाना। पार्षद श्रीमती सिंह ने बताया कि इस नाले के निर्माण के लिए तत्कालीन निगमायुक्त सोनबडे द्वारा लगभग 95 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। एसओआर रिवाइज में समय लगा, फिर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई और अब मामला निविदा समिति में बताया जा रहा है। ननि प्रशासन की इस कछुआ चाल से नेहरू नगर के लिए स्वीकृत नाले का निर्माण नही हो पा रहा है और इसका खामियाजा यहां के रहवासियों को उठाना पड़ रहा कि थोड़ी सी बारिश होने पर पूरा क्षेत्र जल मग्न हो जाता है।

वार्ड के लोग नाला निर्माण की कर रहे मांग

ज्ञात हो कि विगत दिनों नेहरू नगर वार्ड-13 के रहवासी पार्षद श्रीमती सिंह के नेतृत्वं में नगर-निगम कमिश्नर अक्षत जैन को एक ज्ञापन पत्र दिए थें। उन्होने ननि प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया था कि उक्त नाला निर्माण के लिए पूर्व से मांग उठाई जा रही है। उसमें कागजी कार्रवाई भी की गई, लेकिन नाला निर्माण का काम आज तक नही हो पाया। जब भी बारिश होती है, तो बारिश का पानी घरों में घुस जाता है और सड़क मार्ग जलमग्न हो जाने से यहां के रहवासियों को न सिर्फ समस्या आ रही है बल्कि उनकी गृहस्थी खराब हो जाती है। उनकी मांग है कि उक्त नाला का निमार्ण करवाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *