केदारनाथ। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। केदारनाथ में शुक्रवार को बादल फटा। इसके बाद लैंडस्लाइड हुई। बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद हो गया है। रुद्रप्रयाग में तड़के चिरबासा हेलीपैड के पास बादल फटने के बाद करीब 150 मीटर इलाके में भारी लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी से लगातार बोल्डर गिरने के कारण सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौसम का येलो अलर्ट
उत्तराखंड में जिस तरह का मौसम बना हुआ है। उसे देखते हुए मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में गरज के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम का मिजाज तेज होने के चलते ऐसे पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है।
देहरादून में भी बदला मौसम, तेज बारिश का दौर
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का मौसम बदल गया है। बादल छाए हुए है। गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश भारी से तीव्र भी हो सकती है। क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया जा रहा है।
यूपी के 10 नदियों का बढ़ा है जलस्तर
यूपी में लगातार हो रही बारिश से गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। इससे 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 4 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। मिर्जापुर में पुल तो फर्रुखाबाद में हाईवे डूब गया है।
बिहार में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर
बिहार में मौसम से राहत मिलती नजर नही आ रही है और यहां कि 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति है, जिससे 2,360 गांवों में करीब 44 लाख लोग प्रभावित हैं। 27,954 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।
एमपी में मानसूनी सिस्टम एक्टिव
मध्य प्रदेश में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसूनी सिस्टम फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राज्य के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। गुरुवार रात भोपाल, नर्मदापुरम और विदिशा में बारिश हुई। दमोह में बाढ़ के हालात हैं, कई कॉलोनियों में पानी भर गया है।




