The Odyssey Advance Booking: हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन (Christopher Nolan) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द ओडिसी (The Odyssey)’ भारत में रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड बना रही है। 17 जुलाई को सिनेमाघरों में आने वाली इस फिल्म की एडवांस बुकिंग को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि फिल्म भारत में पहले दिन 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग कर सकती है।
एडवांस बुकिंग में 1.25 लाख टिकट बिके
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में 8 जून से शुरू हुई एडवांस बुकिंग में अब तक ओपनिंग डे के लिए करीब 1.25 लाख टिकट बिक चुके हैं।
- PVR-Inox में लगभग 50 हजार टिकट
- Cinepolis में करीब 12 हजार टिकट बिके हैं।
वहीं पहले वीकेंड के लिए फिल्म की कुल टिकट बिक्री 2.5 लाख के पार पहुंच चुकी है।
IMAX स्क्रीन पर सबसे ज्यादा क्रेज
‘द ओडिसी’ पूरी तरह IMAX कैमरों से शूट की गई है। भारत में भले ही ट्रू IMAX स्क्रीन मौजूद नहीं हैं, लेकिन उपलब्ध 34 डिजिटल IMAX स्क्रीन पर फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
अब तक केवल IMAX शो के लिए ही करीब 91 हजार टिकट बिक चुके हैं, जिनसे लगभग 9.5 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई हुई है।
‘ओपनहाइमर’ का रिकॉर्ड पीछे छूटा
नोलन की पिछली ब्लॉकबस्टर ‘ओपनहाइमर (Oppenheimer)’ ने पहले वीकेंड की एडवांस बुकिंग में करीब 2 लाख टिकट बेचे थे, जबकि पहले दिन के लिए लगभग 80 हजार टिकट बिके थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘द ओडिसी’ इन दोनों आंकड़ों को पहले ही पार कर चुकी है। चूंकि रिलीज से पहले बुकिंग अभी भी जारी है, इसलिए टिकट बिक्री में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
2500 से ज्यादा स्क्रीन पर होगी रिलीज
‘ओपनहाइमर’ भारत में करीब 1923 स्क्रीन पर रिलीज हुई थी और पहले दिन 17.37 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। फिल्म ने अपने पूरे रन में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 157.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
इसके मुकाबले ‘द ओडिसी’ भारत में 2500 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होने जा रही है। इसी वजह से ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म पहले दिन 20 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर सकती है।
भारत दौरे का भी मिला फायदा
फिल्म की रिलीज से पहले क्रिस्टोफर नोलन, मैट डेमन (Matt Damon) और टॉम हॉलैंड (Tom Holland) ने भारत आकर प्रमोशनल गतिविधियों में हिस्सा लिया था। माना जा रहा है कि इस प्रचार अभियान का असर भी एडवांस बुकिंग पर साफ दिखाई दे रहा है।
अगर शुरुआती प्रतिक्रिया सकारात्मक रहती है, तो ‘द ओडिसी’ भारत में ‘ओपनहाइमर’ को पीछे छोड़ते हुए क्रिस्टोफर नोलन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन सकती है।




