मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह सम्मेलन 12 मार्च को, मैहर और सतना जिले में ये है कार्यक्रम

मैहर। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामनगर द्वारा बताया गया कि उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के निर्देशानुसार 12 मार्च को जनपद पंचायत रामनगर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह सम्मेलन का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रमानुसार 23 फरवरी 2026 तक आवेदन लिये जायेंगे। 12 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह का आयोजन किया जायेगा।

राज्य निर्वाचन आयोग का स्थापना दिवस समारोह आज

सतना में मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग का 32वां स्थापना दिवस समारोह 16 फरवरी को सुबह 11 बजे से आयोजित किया जायेगा। समारोह के मुख्य अतिथि भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ.पी. रावत होंगे। श्री रावत वन नेशन-वन इलेक्शन में स्थानीय निर्वाचन की भूमिका विषय पर व्याख्यान देंगे। पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर परशुराम स्थानीय निर्वाचन में सुधार की चुनौतियाँ विषय पर उद्बोधन देंगे। समारोह में आयोग के निर्वाचन साहित्य-ई बुक का विमोचन और प्रेक्षा मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया जायेगा। साथ ही स्थानीय निर्वाचन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किये जायेंगे।

अमरपाटन में 19 फरवरी को रोजगार मेला

राज्य शासन के निर्देशानुसार कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार विभाग के समन्वय से मैहर जिले में तृतीय गुरूवार को युवा संगम मेले का आयोजन किया जाता है। फरवरी माह में जिले के अमरपाटन मुख्यालय में 19 फरवरी को अप्रेन्टिस रोजगार मेला युवा संगम का आयोजन किया जायेगा।

चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण 17

सतना में जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाना है। प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रातः 10.30 बजे से सायं 5 बजे तक कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभागार में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तर एवं ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों को 17 एवं 18 फरवरी तथा नगरीय चार्ज अधिकारियों को 19 एवं 20 फरवरी 2026 को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी अपने जनगणना सहायक, लिपिक के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना कार्य समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *