Chhattisgarh Ropeway Accident Khallari Temple: छत्तीसगढ़ के महासमुंद (Mahasamund) जिले में स्थित खल्लारी माता मंदिर (Khallari Mata Temple) में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। करीब 10:30 बजे रोप-वे का केबल टूट गया, जिससे ट्रॉली लगभग 20 फीट नीचे गिरकर चट्टान से टकरा गई। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु बने हादसे का शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया। ट्रॉली अनियंत्रित होकर नीचे गिरी और पहाड़ी की चट्टान से टकरा गई, जिससे सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
घायलों में बच्चे और बुजुर्ग शामिल
हादसे में घायल हुए लोगों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी घायलों को पहले बागबाहरा (Bagbahara) के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
नवरात्रि की भीड़ में मचा हड़कंप
यह हादसा चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri Festival) के दौरान हुआ, जब मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
मेंटेनेंस में लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने रोप-वे के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय-समय पर मेंटेनेंस किया जाता तो इस हादसे से बचा जा सकता था। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
800 सीढ़ियों वाला प्रसिद्ध मंदिर
खल्लारी माता मंदिर पहाड़ी की चोटी पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए करीब 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं।हर साल नवरात्रि में यहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए आते हैं।
