रीवा में मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला बुलडोजर, पुलिस ने नष्ट किए 130 साइलेंसर, स्टंटबाजों में हड़कंप

Bulldozers run over modified silencers in Rewa.

रीवा। रीवा पुलिस ने शहर में तेज आवाज और पटाखा फोड़ने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत विभिन्न दुपहिया वाहनों से जब्त किए गए करीब 130 मॉडिफाइड साइलेंसरों को पुलिस कंट्रोल रूम के सामने सड़क पर रखकर उन पर बुलडोजर चलवा दिया गया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों और स्टंटबाजों में हड़कंप मच गया है।

यह पूरी कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों के तहत यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान का हिस्सा थी। पुलिस ने सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले और तेज आवाज से आम जनता को परेशान करने वाले वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर मौके पर ही निकलवाए। इसके बाद सभी जब्त साइलेंसरों को एक साथ रखकर बुलडोजर से कुचलकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, ताकि इनका दोबारा इस्तेमाल न किया जा सके।

यातायात थाना प्रभारी अनीमा शर्मा ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि इन मॉडिफाइड साइलेंसरों से न केवल अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलता है, बल्कि इनकी अचानक होने वाली तेज आवाज से बुजुर्गों और दिल के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, सड़कों पर स्टंट करने और तेज आवाज के चक्कर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और शांति व्यवस्था भंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *