मऊगंज में होली पर खूनी झड़प, ढाबा गौतमान गांव में पुरानी रंजिश से एक की मौ#त, गांव में तनाव

Bloody clash on Holi in Mauganj

मऊगंज। होली के दिन शाम को हनुमाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाबा गौतमान गांव में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। जानकारी के अनुसार, लाठियों-डंडों से लैस दर्जनभर लोगों के समूह ने एक युवक पर हमला कर दिया, बचाव में आए युवक के पिता रघुवीर पटेल (55) पर भी हमलावर टूट पड़े। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रघुवीर पटेल ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव गांव लाए जाने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है।

एसडीओपी सचिव पाठक सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। थाना प्रभारी अनिल काकड़े ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण यह हिंसक झड़प हुई। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। यह घटना मऊगंज जिले में होली के दौरान बढ़ते तनाव का संकेत दे रही है, जहां पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *