भारत में लॉन्च हुई दुनिया की पहली साप्ताहिक बेसल इंसुलिन, अब हफ्ते में सिर्फ एक इंजेक्शन

Awiqli Insulin India Launch: डायबिटीज मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। डेनमार्क की दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क (Novo Nordisk) ने भारत में अवीक्ली (Awiqli Insulin Icodec) लॉन्च कर दी है। कंपनी के अनुसार यह दुनिया की पहली सप्ताह में एक बार दी जाने वाली बेसल इंसुलिन (World’s First Once Weekly Basal Insulin) है, जिसे टाइप-1 डायबिटीज (Type 1 Diabetes) और टाइप-2 डायबिटीज (Type 2 Diabetes) से पीड़ित वयस्क मरीजों के लिए तैयार किया गया है।

365 इंजेक्शन की जगह साल में सिर्फ 52 डोज

कंपनी का दावा है कि नई इंसुलिन के आने से रोजाना इंसुलिन लेने वाले मरीजों को बड़ा फायदा मिलेगा। अब प्रतिदिन इंजेक्शन लगाने की बजाय मरीजों को सप्ताह में केवल एक बार इंजेक्शन लगाना होगा। इसका मतलब है कि सालभर में 365 इंजेक्शन की जगह केवल 52 इंजेक्शन लगाने होंगे, जिससे इलाज को अपनाना अधिक आसान हो सकता है।

कीमत कितनी है? (Awiqli Insulin Price In India)

अवीक्ली (Awiqli Insulin Icodec) का 700 यूनिट पैक भारत में ₹2611 में लॉन्च किया गया है। कंपनी के अनुसार इसकी प्रति यूनिट लागत लगभग ₹3.73 पड़ती है, जो मौजूदा दैनिक बेसल इंसुलिन की तुलना में लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक कम बताई जा रही है।

यदि किसी मरीज को प्रतिदिन 10 यूनिट इंसुलिन की आवश्यकता होती है, तो उसे सप्ताह में 70 यूनिट इंसुलिन लगेगी, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹261 प्रति सप्ताह होगी।

FlexTouch पेन से लगाया जाएगा इंजेक्शन (FlexTouch Pen Device)

नई इंसुलिन को फ्लेक्सटच पेन (FlexTouch Pen Device) के जरिए सप्ताह में एक बार लगाया जाएगा। कंपनी का कहना है कि इससे मरीजों के लिए इंसुलिन लेना आसान होगा, इलाज का मानसिक और शारीरिक बोझ कम होगा तथा नियमित रूप से दवा लेने की संभावना बढ़ेगी।

क्लिनिकल ट्रायल में मिले बेहतर नतीजे

कंपनी के मुताबिक ऑनवर्ड्स-1 क्लिनिकल ट्रायल (ONWARDS-1 Clinical Trial) में अवीक्ली (Awiqli Insulin Icodec) ने दैनिक इंसुलिन ग्लार्जिन U100 (Insulin Glargine U100) की तुलना में बेहतर ब्लड शुगर नियंत्रण और एचबीए1सी (HbA1c) कम करने के सकारात्मक परिणाम दिखाए। दावा किया गया कि टाइप-2 डायबिटीज के अधिक मरीज बिना गंभीर हाइपोग्लाइसीमिया (Hypoglycemia) के HbA1c को 7 प्रतिशत से नीचे लाने में सफल रहे।

भारत में कितने लोग डायबिटीज से प्रभावित हैं?

कंपनी और विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में लगभग 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि करीब 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज (Prediabetes) की स्थिति में हैं। देश में 9 लाख से अधिक लोग टाइप-1 डायबिटीज (Type 1 Diabetes) से प्रभावित हैं। वहीं टाइप-2 डायबिटीज के लगभग 10 प्रतिशत मरीजों को भी इंसुलिन थेरेपी की आवश्यकता होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *