बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। खबरें थीं कि फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ सकती है, क्योंकि इसका मुकाबला सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से होने वाला है। अब इमरान हाशमी ने खुद सामने आकर इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है।
पोस्टपोन नहीं हुई फिल्म
हाल ही में इमरान हाशमी इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपने फैंस से जुड़े। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि ‘आवारापन 2’ की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है और फिल्म 14 अगस्त को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इमरान ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार बिना पुष्टि के खबरें फैल जाती हैं, लेकिन उनकी फिल्म तय समय पर ही दर्शकों के बीच पहुंचेगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म का ट्रेलर जल्द रिलीज किया जाएगा।
नई कहानी के साथ लौटेगा शिवम पंडित
इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार ‘शिवम पंडित’ में नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि जो दर्शक पहली फिल्म देख चुके हैं, उन्हें इस सीक्वल में पुरानी यादों के साथ नई कहानी भी देखने को मिलेगी।
वहीं नई पीढ़ी के दर्शकों के लिए यह फिल्म एक अलग अनुभव होगी। इमरान का कहना है कि जो लोग पहली फिल्म नहीं देख पाए थे, वे ‘आवारापन 2’ देखने के बाद पुरानी फिल्म देखने में दिलचस्पी जरूर दिखाएंगे।
पहली फिल्म होगी दोबारा रिलीज
इमरान ने यह भी खुलासा किया कि मेकर्स ‘आवारापन’ को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। इसे एक तरह से प्रीक्वल की तरह पेश किया जाएगा, ताकि दर्शक ‘शिवम पंडित’ की पूरी कहानी को बेहतर तरीके से समझ सकें।
इन कलाकारों से सजी है फिल्म
‘आवारापन 2’ साल 2007 में आई सुपरहिट फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पटानी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसके निर्माता विशेष भट्ट हैं।
क्या होगी कहानी?
फिल्म की कहानी शिवम पंडित की जिंदगी के अगले अध्याय को दिखाएगी। इसमें प्यार, दर्द, पछतावा और अपराध की दुनिया से जुड़े कई पहलू देखने को मिलेंगे। पहली फिल्म की तरह यह भी एक इमोशनल, एक्शन और रोमांस से भरपूर थ्रिलर फिल्म होगी, जिसका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं।




