Awadhesh Pratap Singh University Rewa Convocation Ceremony: अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा के 13वें दीक्षांत समारोह में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने 97 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं और 60 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक देकर दीक्षांत शपथ दिलाई। समारोह में महामहिमंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद दास विशेष अतिथि तथा कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़ारिया उपस्थित रहे।
समारोह की गरिमा बढ़ाते हुए सेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उत्तरी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल धीरेंद्र कुशवाह तथा प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. युगल किशोर मिश्रा को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलाधिपति एवं राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि दीक्षांत केवल एक पाठ्यक्रम का समापन नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा की शुरुआत है। दीक्षांत शपथ में निहित ‘सत्य बोलो और धर्म का आचरण करो’ जैसे मूल्य जीवन के सभी आयामों को समेटे हुए हैं। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि छात्रों को संस्कारवान और विवेकवान बनाने वाली शिक्षा दें, क्योंकि बिना संस्कारों के डिग्रियां व्यर्थ हैं।
राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में छात्रों को सबसे अधिक तनावमुक्त शिक्षा की जरूरत है।विशेष अतिथि महामहिमंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद दास ने अपने उद्बोधन में कहा कि विश्वविद्यालय से निकलने वाले छात्र अपनी शिक्षा के माध्यम से भारतीय संस्कृति का विश्व स्तर पर प्रचार-प्रसार करें।
कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव सुरेंद्र सिंह परिहार ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह में उत्साह का माहौल रहा और छात्रों के चेहरों पर सफलता की चमक साफ झलक रही थी।
अधिक जानने के लिए आज ही शब्द साँची के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करें और अपडेटेड रहे।
- Facebook: shabdsanchi
- Instagram: shabdsanchiofficial
- YouTube: @ShabdSanchi
- Twitter: shabdsanchi
