रीवा। रीवा के रानी तालाब मंदिर परिसर स्थित पार्क में चाकू की नोंक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रीवा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि सिरमौर निवासी राहुल कुशवाहा अपनी पत्नी के साथ इलाज के लिए रीवा आए थे। डॉक्टर को दिखाने के बाद दोनों रानी तालाब परिसर स्थित पार्क में घूमने पहुंचे, जहां चौबा उर्फ आशीष बंसल और सोहिल खान ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर उनसे करीब 4 हज़ार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के क़ब्ज़े से लूटी गई 4 हज़ार रुपये की राशि तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
रंगदारी मांगने वाले पहुचे सलाखों में
शहर की समान थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने, मारपीट और गाली-गलौज के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को वाहन ओवर-टेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट की और उससे रंगदारी की मांग की थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर आशीष पटेल, अभिषेक कुमार पटेल, आलिन्द्र कुमार पटेल तथा एक अपचारी बालक को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के क़ब्ज़े से दो बांस के डंडे, एक बेल्ट और सफेद रंग की बोलेरो वाहन ज़ब्त की है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का पैदल जुलूस निकालते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।




