रीवा में यूपी एसटीएफ का बड़ा एक्शन, अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Accused arrested in Rewa for making an indecent remark about Akhilesh Yadav's daughter.

रीवा। सोशल मीडिया पर वीआईपी और उनके परिवारों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों पर अब कानून का शिकंजा कसने लगा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अभद्र और बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी नागेश्वर सिंह बघेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF), साइबर क्राइम पुलिस कानपुर कमिश्नरेट और रीवा की स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रीवा जिले से दबोचा।

यह पूरा मामला रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र का है, जहां का निवासी आरोपी नागेश्वर सिंह बघेल पूर्वा कल्याणपुर गांव में छुपा हुआ था। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी का कानपुर कमिश्नरेट की साइबर क्राइम पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया था। इसके बाद यूपी और एमपी पुलिस की एक विशेष संयुक्त टीम तैयार की गई। पनवार थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूर्वा कल्याणपुर गांव में अचानक दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी नागेश्वर को उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया।

रीवा में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं और कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके तुरंत बाद रीवा पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम के सुपुर्द कर दिया। यूपी एसटीएफ और साइबर सेल की टीम आरोपी को अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई है, जहां साइबर अपराध की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ और कड़ाई से जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से सोशल मीडिया पर अभद्रता फैलाने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *