इंदौर। मध्यप्रदेश इंदौर के नेहरू नगर में एक छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत ग्राम खरमसेड़ा निवासी सौरभ पटेल पिता धर्मदास पटेल के रूप में की गई है। सूचना पर पहुची पुलिस जांच करने में जुट गई है कि छात्र सौरभ ने सुसाइड क्यों किया है, या फिर इस घटना के पीछे की वजह कुछ और है।
पिता की बंदूक से मारी गोली
बताया जा रहा है कि सौरभ पटेल ने अपने पिता की लाइसेंस बंदूक से खुद को गोली मार कर आत्महत्या किया है। सुसाइड के कारणों का अभी पता नही चल पाया है, क्योकि मौके से पुलिस को न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही कोई ऐसा ठोस कारण अभी तक सामने आया है।
पिता है सुरक्षा कर्मी
मृतक सौरभ पटेल इंदौर में अपने दोस्तों के साथ नेहरू नगर में दो कमरे किराए पर लेकर रहता था। कुछ दिनों से उसके पिता भी उसके साथ रहने लगे थे। वे एक संस्थान में सुरक्षाकर्मी हैं और उनके पास लाइसेंसी बंदूक है।
ऐसी थी घटना
बताया जा रहा है कि उसके पिता सब्जी लेने गए थे। उन्होंने बेटे को कॉल कर सब्जी वाले को ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा। सौरभ ने पेमेंट किया और फिर वीडियो कॉल पर परिजनों से बात करने लगा। कुछ देर बाद वह कमरे में गया और जोर से गोली चलने की आवाज आई। पास के कमरे में मैच देख रहे उसके रूममेट दौड़े तो सौरभ फर्श पर पड़ा था और उसके सीने में गोली लगी थी और उसकी मौत हो गई, बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




