रीवा। रीवा जिले के खड्डा टोल प्लाजा के पास देर रात करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सीधी से वापस लौट रही एक पिकअप गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराई, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन के पिछले हिस्से में सो रहा एक अन्य व्यक्ति चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गया।
शराब की पेटियां उतारकर लौट रहा था वाहन
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन सीधी में शराब की पेटियां खाली करके वापस लौट रहा था। जैसे ही वाहन खड्डा टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। रात का वक्त होने और घटना इतनी अचानक होने के कारण पिकअप सवार लोगों को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में चालक सहित दो की मौत, एक बाल-बाल बचा
इस भीषण सड़क दुर्घटना में पिकअप चालक चंदन दुबे (निवासी पडरा) और उसमें सवार राजेश रावत (निवासी रसिया मोहल्ला) को गंभीर चोटें आईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, किस्मत वाले रहे लाला रावत (निवासी रसिया मोहल्ला), जो हादसे के वक्त वाहन के पिछले हिस्से में सो रहे थे, इस खतरनाक भिड़ंत के बाद भी पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी
स्थानीय राहगीरों और लोगों की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्रक की अत्यधिक रफ्तार और चालक की लापरवाही को माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।




