सीधी में नदी किनारे 13 फीट लंबे विशाल अजगर ने बकरी को निगला, बस्ती के पास रेस्क्यू से टला बड़ा खतरा

A 13 feet long huge python swallowed a goat on the river bank in Sidhi.

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम मझिगवां स्थित कोलान बस्ती में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक विशालकाय अजगर ने चर रही बकरी को अपना शिकार बना लिया। लगभग 13 फीट लंबे इस अजगर को देखकर पूरी कछार और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। भारी भीड़ के बीच वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया है।

बकरियों की चीख सुनकर दौड़ा चरवाहा, नजारा देख उड़े होश
जानकारी के अनुसार, मझिगवां गांव के रहने वाले किसान तारा साहू रोज की तरह रविवार को भी अपनी बकरियों को चराने के लिए नदी किनारे ले गए थे। वे खुद पास ही एक आम के पेड़ की छांव में बैठे थे, तभी अचानक बकरियों के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। तारा साहू जब दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो वहां का खौफनाक नजारा देख उनके होश उड़ गए। एक विशालकाय अजगर ने उनकी एक बकरी को चारों तरफ से बुरी तरह जकड़ रखा था और उसे निगलने की कोशिश कर रहा था।

200 आबादी वाली बस्ती के पास था अजगर, ग्रामीणों में फैला खौफ
अजगर का आकार इतना बड़ा था कि उसे अकेले काबू करना नामुमकिन था। किसान ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए स्थानीय सरपंच सुजय सिंह को मामले की जानकारी दी। सरपंच ने बताया कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर कोलान बस्ती है, जहां करीब 40 घर हैं और 200 लोग रहते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को डर था कि शिकार के बाद अजगर रेंगते हुए रहवासी इलाके या घरों में न घुस जाए, जिससे बच्चों और अन्य मवेशियों की जान को खतरा हो सकता था।

वन विभाग और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा, भेजा गया जंगल
सरपंच की सूचना पर मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और भीड़ को दूर किया। इसके बाद सीधी से आई वन विभाग की विशेष रेस्क्यू टीम और स्थानीय मड़वास वन अमले ने मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद टीम ने 13 फीट लंबे भारी-भरकम अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अजगर को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना काबू में किया गया है और उसे आबादी से दूर घने सरकारी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया है, ताकि वह दोबारा गांव का रुख न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *