3 including 2 girls killed in mine collapse in Singrauliसिंगरौली जिले के परसोहर गांव में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। खदान से छुई निकालते समय मिट्टी अचानक धंस गई, जिसमें पांच लोग मलबे में दब गए। इस दुर्घटना में दो बालिकाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जियावन थाना पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। गांव की महिलाएं और बच्चियां खुरपी लेकर छुई निकालने के लिए गई थीं।
इसी दौरान मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर धंस गया, जिससे वहां मौजूद पांच लोग तुरंत मिट्टी के नीचे दब गए। अचानक हुए हादसे में किसी को बचने या संभलने का मौका नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सरपंच और पुलिस को सूचना मिलते ही जियावन थाना और कुंदवार चौकी की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत से कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। बचाव कार्य के दौरान दो महिलाएं बेहोशी की हालत में मिलीं, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस से देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों में प्रीति सिंह निवासी ग्राम हरहवा, बसंती निवासी ग्राम हरहवा और फूलमती यादव निवासी बंधा शामिल हैं। जबकि कौशल्या सिंह निवासी परसोहर और सकमुनि सिंह निवासी चंद्रेह घायल हैं।
