सतना। शहर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित मारुति नगर में उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक प्राचीन मंदिर के सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण और मंदिर के पुजारी को जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया। इस घटना से आक्रोशित मारुति नगर, शारदा कॉलोनी एवं शुक्ला बरदाडीह के सैकड़ों नागरिकों ने आज एकजुट होकर प्रशासन के द्वार पर दस्तक दी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
सार्वजनिक मार्ग पर अवैध निर्माण का आरोप
स्थानीय नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार रघुराजनगर, एसडीएम सतना, जिला कलेक्टर और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि प्राचीन मां गौरी शिव हनुमान मंदिर के बगल में रहने वाले मंगल रावत उर्फ पिंटू और उसकी पत्नी शीला रावत द्वारा मंदिर के मुख्य मार्ग को बाधित किया जा रहा है। आरोप है कि पहले बाड़ लगाकर रास्ता रोका गया और अब उसी सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से शौचालय का सेप्टिक टैंक बनाया जा रहा है, जिससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
पुजारी को दी रूह कंपा देने वाली धमकी
मामला तब और गंभीर हो गया जब मंदिर के पुजारी रामप्रकाश परौहा ने इस अवैध निर्माण पर आपत्ति जताई। ज्ञापन के अनुसार, आरोपियों ने पुजारी के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें रूह कंपा देने वाली धमकी देते हुए कहा, “अगर इधर दोबारा दिखे तो हाथ-पांव काटकर इसी टैंक में दफन कर देंगे।” इस घटना के बाद से पुजारी गहरे सदमे में हैं और मंदिर की नियमित पूजा-अर्चना भी प्रभावित हो रही है।
प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार
वार्डवासियों ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण को तत्काल ध्वस्त किया जाए और पुजारी को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए। नागरिकों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि धमकी देने वाले और अतिक्रमण करने वाले दोषियों पर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और आने वाले दिनों में उग्र जन आंदोलन करने को विवश होंगे।




