रीवा के संजय गांधी मेमोरियल (एसजीएमएच) अस्पताल परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पाड़ेन टोला निवासी अर्जुन चमकेले ने अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। इस अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया।
वहां मौजूद कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है, लेकिन उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
युवक की मां के अनुसार, अर्जुन एक निजी अस्पताल में काम करता है और काफी समय से गंभीर टीबी की बीमारी से जूझ रहा था। सोमवार सुबह वह घर पर चाय-रोटी खाने के बाद गुटखा लेने के बहाने निकला था, लेकिन वापस घर न जाकर सीधे अस्पताल पहुंच गया और यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
फिलहाल युवक ने इतना बड़ा और खतरनाक कदम क्यों उठाया, इसके स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

