Youth started an initiative for the dignity and cleanliness of Laxman Bagh in Rewa: रीवा के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लक्ष्मणबाग परिसर में नशा, अश्लीलता तथा असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ रिफॉर्म भारत युवा संगठन का जन-जागरण अभियान लगातार प्रभाव डाल रहा है। संगठन ने आज एक बार फिर यहां बड़ा जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें सैकड़ों युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
युवाओं ने एकजुट होकर मजबूत संदेश दिया कि इस पवित्र स्थल की सांस्कृतिक गरिमा, स्वच्छता और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान पूरे परिसर में आकर्षक जागरूकता पोस्टर लगाए गए, जिनमें प्रमुख संदेश थे “नशा मुक्त लक्ष्मणबाग”, “स्वच्छ लक्ष्मणबाग” और “सांस्कृतिक रूप से सुरक्षित लक्ष्मणबाग”।
यह अभियान पिछले करीब तीन सप्ताह पहले चलाए गए कार्यक्रम का निरंतरता है। उस समय रिफॉर्म भारत की टीम ने विरोध दर्ज किया था और नगर निगम को विस्तृत ज्ञापन सौंपा था, जिसमें समस्याओं के साथ उनके व्यावहारिक समाधान भी सुझाए गए थे। नगर निगम ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और अब अभियान को और मजबूती मिल रही है।
संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी करें। साथ ही प्रशासन से क्षेत्र में निरंतर सख्त निगरानी, गश्त बढ़ाने और ठोस कार्रवाई की मांग की गई है ताकि असामाजिक तत्वों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।आज के अभियान में प्रमुख युवा कार्यकर्ता ओमप्रकाश त्रिपाठी, प्रतीक द्विवेदी, अरुणोदय गहरवार सहित कई अन्य स्वयंसेवक और सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिफॉर्म भारत के प्रतिनिधियों का कहना है कि लक्ष्मणबाग से शुरू हुआ यह प्रयास अब एक बड़े सामाजिक आंदोलन में बदल चुका है। संगठन का लक्ष्य है कि यह मुहिम पूरे मध्य प्रदेश और फिर देशव्यापी स्तर पर फैले, जिससे पवित्र स्थलों को नशा, गंदगी और असामाजिक गतिविधियों से मुक्त किया जा सके। यह अभियान न केवल स्थानीय स्तर पर सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि युवाओं में सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत कर रहा है।

