Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा: तालाब में डूबने से युवक की मौत, SGMH परिसर में पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने किया हंगामा

Youth drowns in pond in RewaYouth drowns in pond in Rewa

Youth drowns in pond in Rewa

रीवा जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र के सेदहना गांव में बुधवार को तालाब में डूबने से 18 वर्षीय सागर विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन युवक का शव लेकर रात में संजय गांधी अस्पताल (SGHM) पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को जबरन वापस अपने घर ले जाने की जिद पर अड़ गए। इस दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों को धैर्य बंधाते हुए विधिवत समझाइश दी, जिसके बाद वे पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हुए।

गुरुवार को अस्पताल में आवश्यक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। औपचारिकताएं संपन्न होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसे लेकर वे अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

Exit mobile version