रीवा में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रख जाम लगाया, हत्या का आरोप!

Youth crushed to death by tractor in Rewa

Youth crushed to death by tractor in Rewa: रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्यौंथर गांव में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें प्रदीप मिश्रा नामक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को त्यौंथर-राजापुर मार्ग पर सड़क के बीचों-बीच रखकर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

घटना बीती रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप मिश्रा किसी काम से घर के बाहर निकले थे, तभी गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृत्यु से पहले युवक ने परिजनों को बताया कि ट्रैक्टर चालक ने पहले टक्कर मारी, फिर बैक करके जानबूझकर दोबारा ट्रैक्टर चढ़ा दिया। परिजन इस घटना को महज हादसा नहीं मान रहे, बल्कि इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। वे ट्रैक्टर चालक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं और उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

आज सुबह पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव लेकर निकलते ही परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।वर्तमान में जाम खुलवाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन परिजनों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही मौत का सटीक कारण और चालक की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *