Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में योग दिवस की धूम: डिप्टी सीएम ने किया योग, एपीएस विवि में भी हुए भव्य आयोजन

Yoga Day celebrated with great enthusiasm in RewaYoga Day celebrated with great enthusiasm in Rewa

Yoga Day celebrated with great enthusiasm in Rewa

रीवा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरे रीवा जिले में योग और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला। मुख्य आयोजन शहर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर और अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के खेल परिसर में संपन्न हुए, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्राध्यापकों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक योग अभ्यास कर निरोगी काया का संदेश दिया।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा सांसद, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा जिले के आला अधिकारियों और नागरिकों के साथ योग गुरु के मार्गदर्शन में विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय विधा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में 21 जून का प्रस्ताव पारित कराकर विश्वव्यापी बना दिया है, जो पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर हमें ‘निरोगी काया’ चाहिए, तो केवल एक दिन नहीं बल्कि प्रतिदिन योग को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाना होगा। आज पूरा विश्व मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भारत के इस आह्वान को अपना रहा है।

दूसरी ओर, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के खेल परिसर में योग एवं चेतना केंद्र तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत गरिमामयी ढंग से मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के संचालक प्रो. रामभूषण मिश्रा के कुशल निर्देशन में आयुष मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. नीरजा नामदेव मुख्य अतिथि, प्रो. आर.एन. पटेल विशिष्ट अतिथि तथा प्रो. महेश चंद्र श्रीवास्तव कार्यक्रम के अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और योग साधकों का सम्मान भी किया गया। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता उमेश कुमार साकेत और कांस्य पदक विजेता विशाल बंसल को मंच पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही योग के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पुरातन छात्र गीता प्रसाद पांडे, शशांक द्विवेदी और केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा योगाचार्य राजेश कुमार सिंह व डॉ. अल्पी सिंह को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबॉल अकादमियों सहित समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान शहडोल से आए नाट्य कलाकारों ने स्वस्थ जीवन शैली पर आधारित एक शानदार नाटक की प्रस्तुति दी। इस भव्य आयोजन में यंत्री शाखा के अनुराग दुबे के तकनीकी सहयोग के साथ विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक, सहायक कुलसचिव और रीवा नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version