Site iconSite icon SHABD SANCHI

सतना में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरीं, प्रशासन ने दुकान कराई बंद

Women stage fierce protest against illicit liquor in Satna.Women stage fierce protest against illicit liquor in Satna.

Women stage fierce protest against illicit liquor in Satna.

सतना: जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 स्थित कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में शुक्रवार को अवैध शराब की बिक्री के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथ में लाठी-डंडे लेकर एक किराना दुकान पर जा पहुंचीं और दुकान बंद कराने की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच के दौरान दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने पर दुकान को पूरी तरह बंद करा दिया गया।

कई साल से चल रहा था अवैध कारोबार

स्थानीय महिलाओं और निवासियों का आरोप है कि शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी नामक व्यक्ति अपनी किराना दुकान की आड़ में पिछले कई सालों से अवैध रूप से शराब बेच रहा है। महिलाओं का कहना है कि इस गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ वे पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुकी थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।

हंगामे की मुख्य वजह यह भी है कि इस दुकान के पास ही एक तरफ एचटीसी स्कूल है जहां छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं, वहीं दूसरी तरफ अंबेडकर स्कूल के पास काली मां का मंदिर भी स्थित है। महिलाओं का आरोप है कि दुकान पर अवैध शराब मिलने के कारण वहां दिनभर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है और सड़क पर खुलेआम गाली-गलौज होने से बच्चों व महिलाओं का आना-जाना दूभर हो गया है।

प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई

महिलाओं के उग्र प्रदर्शन और दुकान पर जुटने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों की मौजूदगी में जब किराना दुकान की तलाशी ली गई, तो वहां से अवैध शराब बरामद हुई। हालांकि, प्रशासन के पहुंचने से ठीक पहले ही दुकान संचालक शिवकुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस और आबकारी विभाग ने आरोपी शिवकुमार चौधरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (आबकारी एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस सख्त कार्रवाई के बाद से इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Exit mobile version