मऊगंज थाना क्षेत्र के पाड़र गांव में बुधवार की रात रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटी से हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची 47 वर्षीय अनामिका पटेल की पड़ोसियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मातम का माहौल है।
घटना के संबंध में मृतका के पति राजेश कुमार पटेल ने पुलिस को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि वे पाड़र गांव में खेती-किसानी करते हैं और उनके घर के ठीक सामने आरोपी राजेंद्र पटेल का मकान है। दोनों परिवारों के बीच काफी समय से रास्ते को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। बुधवार की रात उनकी बेटी अंकिता जब गांव की ओर से अपने घर लौट रही थी, तभी घर के सामने पहुंचते ही राजेंद्र पटेल ने उसके साथ अचानक गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
बेटी के साथ हो रहे विवाद का शोर सुनकर अनामिका पटेल तुरंत मौके पर पहुंचीं और उन्होंने बेटी से विवाद करने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर राजेंद्र और भड़क गया और उसने अनामिका पटेल के साथ भी गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपी ने महिला को जमीन पर पटक दिया और उनके सिर के पीछे मिट्टी खोदने वाली छोटी कुदाल से घातक वार कर दिया।
पति राजेश कुमार, बेटे कुलदीप और पड़ोसी शेरबहादुर द्वारा बीच-बचाव करने के बावजूद महिला को गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गईं। परिजन तत्काल उन्हें मऊगंज के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने भी आरोपियों द्वारा मारपीट और गला दबाए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। बहरहाल, मऊगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और मौत के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

