Site iconSite icon SHABD SANCHI

मैहर वनमंडल में जंगली हाथियों का डेरा, दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी, प्रशासन ने कहा- ‘अकेले जंगल न जाएं’

Wild elephants camp in Maihar forest divisionWild elephants camp in Maihar forest division

Wild elephants camp in Maihar forest division

मैहर वनमंडल क्षेत्र में दो जंगली हाथियों के अचानक प्रवेश से हड़कंप मच गया है, जिसके बाद वन विभाग और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से दर्जनों गांवों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हाथियों का यह जोड़ा वर्तमान में पपरा पहाड़ के आसपास देखा गया है और इनके पठरा, बगदरी, गिधैला, गोरसरी, किरहाई, मनकहरी और बाराखुर्द जैसे वन क्षेत्रों की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने संबंधित क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदारों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते संभाला जा सके।

हाथियों की आमद को देखते हुए जनपद रामनगर और अमरपाटन के लगभग 20 से अधिक गांवों, जिनमें मुख्य रूप से अमझर, तेंदूहटा, ईटमा, भितरी और देवराजनगर शामिल हैं, के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की एडवाइजरी जारी की गई है। रेंजर प्रफुल त्रिपाठी ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे हाथियों के पास जाने, उनका पीछा करने या उन्हें देखने के लिए भीड़ लगाने की गलती बिल्कुल न करें।

विभाग ने यह भी सलाह दी है कि ग्रामीण रात के समय खुले में न सोएं और विशेषकर उन स्थानों से दूर रहें जहाँ महुआ या भारी मात्रा में अनाज का भंडारण किया गया है, क्योंकि हाथी भोजन की तलाश में वहां पहुँच सकते हैं। फिलहाल वन विभाग की विशेष टीम हाथियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है।

Exit mobile version