Site icon SHABD SANCHI

सतना में हैवानियत: पति की बेरहमी से गई पत्नी की याददाश्त, मासूम बेटे के सामने किया जानलेवा हमला

Wife's memory lost due to husband's cruelty

Wife's memory lost due to husband's cruelty

Wife’s memory lost due to husband’s cruelty: मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चरित्र पर शक और फोन पर बातचीत को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर इतनी बेरहमी से हमला किया कि महिला की याददाश्त ही चली गई। गंभीर रूप से घायल महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय शिवानी गुप्ता, मूल रूप से बिरसिंहपुर की रहने वाली हैं। उनकी शादी करीब 6 साल पहले नागौद निवासी पुनीत गुप्ता से हुई थी, जो फिलहाल बैढ़न में रह रहे हैं।

पीड़िता के पिता लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता के मुताबिक, दामाद अक्सर उनकी बेटी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर घर में विवाद होते रहते थे। घटना वाले दिन विवाद तब बढ़ गया जब शिवानी ने अपने पति को फोन पर किसी अन्य महिला से बात करते हुए सुन लिया और इस पर आपत्ति जताई।

बताया जा रहा है कि गुस्से में बेकाबू हुए पुनीत गुप्ता ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने पहले पत्थर से पत्नी का हाथ कुचल दिया, फिर डंडे से पैरों पर लगातार वार किए। इसके बाद चप्पलों से चेहरे और आंखों पर बेरहमी से हमला किया। इतना ही नहीं, गुस्सा शांत नहीं हुआ तो आरोपी ने लोहे की रॉड और पत्थर से शिवानी के सिर पर कई वार किए, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गईं।

इस पूरी दर्दनाक घटना का गवाह उनका मासूम बेटा रियांश गुप्ता बना, जिसने अपनी मां पर होते अत्याचार को अपनी आंखों से देखा। बच्चे के अनुसार, पिता लगातार मां को पीटते रहे और वह कुछ भी नहीं कर पाया।

सिर पर गहरी चोट लगने के कारण शिवानी की याददाश्त बुरी तरह प्रभावित हो गई है और वह अब किसी को पहचान नहीं पा रही हैं। गंभीर हालत में उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य अस्पताल तक नहीं पहुंचा। पीड़िता के मायके वालों ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version