Who is Successor of Donald Trump : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने उत्तराधिकारी के नाम पर सस्पेंस बढ़ा दिया है। अब तक उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ट्रंप के सबसे संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा था। खुद डोनाल्ड ट्रंप भी पहले जेडी वेंस की उम्मीदवारी के संकेत दे चुके हैं, लेकिन अब जब उनसे पूछा गया कि क्या वह 2028 के चुनाव में जेडी वेंस का समर्थन करेंगे तो उन्होंने बात को गोल-मोल घुमा दिया और साफ जवाब नहीं दिया।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगी। लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने जेडी वेंस की तारीफ जरूर की। लेकिन उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया।
वहीं, फ्रांस की दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन को लेकर भी ट्रंप ने अपने विकल्प खुले रखे हैं। उन्होंने ले पेन को फ्रांस में कंजर्वेटिव विचारों की आवाज बताया, हालांकि यह भी कहा कि वह उनसे व्यक्तिगत रूप से कभी नहीं मिले हैं।
जेडी वेंस को समर्थन देने पर ट्रंप मौन
दरअसल, अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अभी से सियासी चर्चाएं तेज होने लगी हैं। डोनाल्ड ट्रंप के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। लेकिन ट्रंप के ताजा बयान ने इन अटकलों को एक बार फिर हवा दे दी है।
जेडी वेंस की उम्मीदवारी पर कुछ नहीं बोले डोनाल्ड ट्रंप
व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या वह 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में जेडी वेंस की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे तो ट्रंप ने जवाब दिया कि उन्होंने और वेंस ने इस मुद्दे पर अभी तक कोई चर्चा नहीं की है। उन्होंने जेडी वेंस की तारीफ करते हुए कहा कि वेंस बहुत प्रतिभाशाली और अच्छे इंसान हैं। लेकिन वह उनके उत्तराधिकारी होंगे या नहीं। इस बारे में उन्होंने कहा कि ये कहना जल्दबाजी होगी।
पिछले साल बताया था जेडी वेंस को उत्तराधिकारी
डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका को पहले मध्यावधि चुनाव से गुजरना है। इसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि, इससे पहले ट्रंप जेडी वेंस को अपने मेक अमेरिका ग्रेट अगेन यानी MAGA आंदोलन का संभावित उत्तराधिकारी बता चुके हैं। पिछले साल उन्होंने संकेत दिया था कि वेंस उनके उत्तराधिकारी बनने के लिए सबसे पसंदीदा विकल्प हो सकते हैं।
मिडटर्म चुनाव के बाद होगा फैसला – ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी एक इंटरव्यू में अपनी बात रखी। उन्होंने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। उन्होंने अपने छोटे बच्चों और पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए कहा है कि वे नवंबर के Midterm elections के बाद इस पर विचार करेंगे। और बात करते हैं कि अगर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस डोनाल्ड ट्रंप के उत्तराधिकारी नहीं बनेंगे तो फिर कौन उनका उत्तराधिकारी हो सकता है?
राष्ट्रपति की रेस में जेडी वेंस के बाद मार्को रुबियो का नाम
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपित जेडी वेंस दोनों की तारीफ की है और उन्हें संभावित उत्तराधिकारियों के तौर पर देखा है। लेकनि, अगर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के उत्तराधिकारी नहीं बनते हैं तो मौजूदा राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार वर्तमान विदेश मंत्री मार्को रुबियो को डोनाल्ड ट्रंप का सबसे मजबूत और प्रमुख संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का नाम उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बाद रिपब्लिकन पार्टी में सबसे आगे चल रहा है।
जेडी वेंस को समर्थन देंगे मार्को रुबियो
वहीं, जब मार्को रुबियो से ट्रंप के उत्तराधिकारी के दावेदार होने पर सवाल किया गया तो विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी और MAGA आधार के बीच जेडी वैंस ट्रंप की वैचारिक विरासत के मुख्य दावेदार हैं। रुबियो ने सार्वजनिक रूप से कहा कि अगर जेडी वैंस 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ते हैं, तो वे उनका सबसे पहले समर्थन करेंगे।
मार्को रुबियो के बयान से ये साफ है कि वह इस चुनाव की रेस में टकराव से खुद को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और डोनाल्ड ट्रंप की विदेश नीति को प्रभावी बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। ऐसे में अमेरिका में ट्रंप के बाद कौन उनका उत्तराधिकारी होगा, इस पर सस्पेंस बना हुआ है।

