एमपी वेदर न्यूज। मध्यप्रदेश का मौसम एक बार फिर बिगड़ गया है। 24 घंटे के दौरान भोपाल, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर, छतरपुर समेत 15 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई है, तो कई जिलों में तेज हवा और ओले गिरने के कारण फसलें गिर गई है। वहीं आंधी की वजह से रतलाम, शाजापुर, उज्जैन में फसलों पर असर पड़ा है। ओलावृष्टि और तेज हवा की वजह से 25 जिलों में फसलों के नुकसान पहुंचने की आशंका है। ऐसे में सरकार ने भी सर्वे शुरू कर दिया है। राजस्व अमला मैदान में उतरकर प्रभावित फसलों का सर्वे करेगा है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने 17 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। तापमान में गिरावट से ठंड ने फिर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, सागर, रीवा और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना है।
बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि एमपी में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति एक साथ बनने की वजह से बारिश हो रही है। 22 फरवरी से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।
किसान चिंतित
मध्यप्रदेश के मौसम में आए बदलाव से किसान चिंतित है और वह आसमान की ओर देख रहा है, क्योकि बदला हुआ मौसम फसलों के अनुकूल नही है। ज्ञात हो कि खेतों में इन दिनों फसलें तैयार हो रही है। दलहनी फसलों के साथ ही गेहूं की फसल भी किसानों ने तैयार कर लिया है। मौसम का मिजाज तेज होने यानि कि आंधी, बारिश और ओले गिरते है तो इससे फसले चौपट हो जाएगी और किसान दाने-दाने के लिए परेशान होगा।

