Washed and reused plates in Amrit Bharat Express: भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेन, अमृत भारत एक्सप्रेस (16601), में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को ताक पर रखने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रेन की पैंट्री कार में जूठी डिस्पोजल प्लेटों और बॉक्स को डस्टबिन से निकालकर धोकर दोबारा यात्रियों को खाना परोसने की तैयारी की जा रही थी, जिसका खुलासा एक सतर्क यात्री के बनाए वीडियो से हुआ है।
इसे भी पढ़ें : रीवा में बर्बरता: चोरी के शक में आदिवासी युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
यात्री ने किया चौंकाने वाला खुलासा
कटनी से सतना की यात्रा कर रहे सतना निवासी रवि द्विवेदी, जो शहडोल में नौकरी करते हैं, ने यह घिनौना कृत्य अपनी आँखों से देखा। पैंट्री कार के पास खड़े रवि ने देखा कि एक कर्मचारी डस्टबिन से इस्तेमाल की हुई डिस्पोजल प्लेटों और बॉक्स को निकालकर वॉश बेसिन में धो रहा था। रवि ने पाया कि इन धोई गई प्लेटों को दोबारा इस्तेमाल के लिए रखा जा रहा था। जब रवि ने कर्मचारी से इस बारे में पूछा, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि ये डिस्पोजल आधे दाम में वापस मिल जाते हैं, इसलिए इन्हें धोकर दोबारा इस्तेमाल किया जाता है। वीडियो बनाते समय कर्मचारी ने रवि का विरोध किया और वीडियो डिलीट करने की धमकी भी दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, मंत्रालय ने लिया संज्ञान
रवि द्विवेदी ने तुरंत यह वीडियो अपने समाजसेवी मित्र पंकज शुक्ला को भेजा। पंकज शुक्ला ने वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और रेल मंत्रालय को टैग किया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद, रेल मंत्रालय ने पंकज शुक्ला से संपर्क साधा और घटना की पूरी जानकारी ली।
शिकायत वापस लेने के लिए 25,000 रुपये की पेशकश
पंकज शुक्ला ने मीडिया को बताया कि शिकायत के बाद पैंट्री कार के ठेकेदार ने रवि द्विवेदी से संपर्क किया और शिकायत वापस लेने के एवज में उन्हें 25,000 रुपये की पेशकश की, जिसे रवि ने ठुकरा दिया। इस घटना ने रेलवे की पैंट्री कार सेवाओं की स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेल मंत्रालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। यात्रियों ने इस तरह की घोर लापरवाही पर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
