बिहार इलेक्शन। बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जा रहे है। 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने वोट डाल रहे है। यह चुनाव बिहार की राजनीति तय करेगा, क्योंकि 14 नवंबर को मतगणना होगी और इसके बाद पटना में सरकार बनाने के लिए सियासत तेज हो जाएगी।
7 बजे से मतदान
बिहार में दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है। इस चरण में 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 136 महिलाएं, 1165 पुरुष और एक थर्ड जेंडर कैंडिडेट शामिल हैं। कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी बूथ हैं।
इन जिलो में मतदान
दूसरे चरण में बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, कैमूर और रोहतास समेत 20 जिलों में वोट डाले जा रहे है।
ड्रोन से सर्च ऑपरेशन, घुड़सवार पुलिस दस्ता भी तैनात
बिहार में मतदान को पारदर्शी बनाए जाने के लिए दूसरे चरण में अब तक के सर्वाधिक 1650 कंपनी केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। इनमें सीआरपीएफ, एसएसबी, आइटीबीपी आदि शामिल हैं। इसके अलावा 100 कंपनियां बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की भी सुरक्षा-व्यवस्था में लगाई गई हैं। सभी बूथों पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त बिहार पुलिस, जिला पुलिस बल, प्रशिक्षु सिपाही, होमगार्ड, चौकीदार समेत साढ़े चार लाख पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों को चुनावी ड्यूटी में लगाया गया है। मतदान क्षेत्र में इस बार घुड़सवार पुलिस दस्ता भी तैनात किया गया है।
