Site icon SHABD SANCHI

विंध्य को लगे पंख, रीवा-रायपुर बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा शुरू, डिप्टी सीएम ने की यात्रा

रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। रीवा से रायपुर के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा की शुरुआत हो चुकी है। एयर इंडिया की 72 सीटर फ्लाइट आज रीवा से उड़ान भरी और पहली ही उड़ान की सभी सीटें पूरी तरह बुक रहीं। इस हवाई सेवा के संचालन के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव वर्चुअल रूप से शामिल रहे। इस सेवा का शुभारंभ मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने किया। इसी फ्लाइट से डिप्टी सीएम भी रायपुर गए। लोगों में इस हवाई सेवा को लेकर काफी उत्साह भरा नजारा रहा। वही रायपुर पहुँचने पर एयरपोर्ट पर फ्लाइट का वाटर कैनन से भव्य स्वागत हुआ, जहां छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे।

रीवा एयरपोर्ट से हवाई सेवा का हो रहा विस्तार

बता दें कि रीवा एयरपोर्ट पहले से दिल्ली और इंदौर से जुड़ चुका है। अब रायपुर के जुड़ने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। जल्द ही कोलकाता के लिए भी उड़ान शुरू होने की तैयारी है।विंध्यवासियों का कहना है कि इस सेवा से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवागमन आसान होगा। विंध्य क्षेत्र को लंबी सड़क-रेल यात्रा से राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।

सप्ताह में तीन दिन रहेगी हवाई सेवा

जो जानकारी आ रही है उसके तहत रीवा से रायपुर के बीच सप्ताह में तीन दिन हवाई सेवा मिलेगी। मंगलवार, गुरुवार और शनिवार का शेड्यूल जारी किया गया है। दिल्ली से आने वाली अलायंस एयर डंडिया प्लेन रीवा में रुकेगी, इसके बाद यही प्लेन रायपुर जाएगी। फिर वहां से लौटकर रीवा आएगी और फिर दिल्ली यात्री भरकर रवाना होगी।

19 मार्च से एटीआर 72 की ऐसी होगी नियमित उड़ान

रीवा-दिल्ली-रायपुर के बीच चलने वाली प्लेन का शेड्यूल ऑनलाइन टिकट में दिखाई देने लगा है। जिसके तहत 19 मार्च से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। 19 मार्च से एटीआर 72 दिल्ली से दोपहर 3.30 बजे उड़ेगा और 5.25 बजे रीवा पहुँचेगा। रीवा से रायपुर के लिए 5.50 बजे उड़ान भरेगा और रायपुर 7.10 पर पहुँचेगा। रीवा के लिए फिर 7.35 बजे उड़ेगा और 8.50 बजे रीवा पहुँचेगा। इसके बाद रात 9.15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होकर 11.05 बजे पहुँचेगा।

Exit mobile version