रीवा। रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोहागी घाटी (पहाड़) में प्रयागराज से लौट रही एक तेज रफ्तार तूफान गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घाटी में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने खाई में उतरकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुँची। वाहन के अत्यधिक गहरी खाई में गिरने के कारण घायलों तक पहुँचना और उन्हें बाहर निकालना काफी चुनौतीपूर्ण था। सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी के सहारे गहरी खाई में उतरकर मुस्तैदी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी सातों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।
प्रयागराज से दर्शन कर सतना लौट रहे थे सभी सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल सभी सात लोग सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र के निवासी हैं। वे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गए थे और वहाँ से वापस अपने घर उचेहरा लौट रहे थे, तभी सोहागी घाटी के मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी खाई में गिर गई। पुलिस फिलहाल सभी घायलों की पहचान कर परिजनों को सूचित कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जाँच में जुटी हुई है।

